Helpline +919415567039 || ku.up@smarthindustan.news

Updated Fri, 14 May 2021 11:35 PM

कोरोना से बचाव का अचूक हथियार है टीका

कुशीनगर : कोरोना महामारी को हराने का अचूक हथियार टीका ही है। यही कोरोना वायरस को हराएगा और हम खुद को पूरी तरह से सुरक्षित कर पाएंगे। मैंने टीका की दोनों डोज ले ली है। वैक्सीनेशन के बाद मेरा आत्मबल बढ़ा तो सुरक्षा का भाव भी मजबूत हुआ है। सरकार तेजी से टीकाकरण अभियान चला रही है। यह कहना है कुशीनगर विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी का। उन्होंने कहा कि आप सभी को संयम के साथ इस अभियान में शामिल होकर कोरोना की चेन को पूरी तरह से तोड़ना होगा। इसके लिए जरूरी है कि आप हर हाल में टीका लगवाएं। टीका लगवाने के बाद आप खुद तो सुरक्षित हो ही जाएंगे दूसरों को भी संक्रमित होने से बचाएंगे। टीका को लेकर किसी भी दुष्प्रचार व भ्रांति में पड़ने की जरूरत नहीं है। टीका ही कोरोना वायरस से हमारे जीवन की रक्षा करेगा इस बात को ठीक से समझना होगा। इसलिए आप भी टीका लगवाएं और कोरोना को हराएं।

ईद की तैयारियां पूरी, दूर से बोलेंगे मुबारकबाद

कुशीनगर: पवित्र रमजान माह के अंतिम दिन शुक्रवार को ईद धूमधाम से मनेगी। कोरोना संक्रमण के कारण लागू कोरोना क‌र्फ्यू में मोमिन मस्जिद की बजाय घर में ही नमाज पढ़ेंगे। शारीरिक दूरी के कारण इस बार लोग एक दूजे से गले मिले बगैर ही दूर से ईद मुबारक बोलेंगे। त्योहार को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पखवारे भर से हो रही खरीद गुरुवार की देर शाम तक छिटपुट चलती रही। दुकानें बंद होने से सेवई, जीरो साइज की सेवई, दूध वाली मीठी सेवई की खरीदारी करने में लोगों को खूब परेशानी हुई। चोरी छिपे खुली मोहल्ले की दुकानों ही काम आयीं। फेनी सेवई 100 से 150 रुपये किग्रा, लच्छा सेवई 150 से 225 रुपये प्रति किग्रा की दर से बिकी। ईद पर नए कपड़े की खरीदारी को लेकर लोग सफेद कुर्ता, सफेद टोपी, जालीदार टोपी, चूड़ीदार कुर्ता-पायजामा खरीदने के लिए परेशान दिखे।

कुशीनगर में 2838 निगेटिव, 321 मिले नए संक्रमित

कुशीनगर : जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को गोरखपुर मेडिकल कालेज से मिली 3159 लोगों की जांच रिपोर्ट में 2838 निगेटिव व 321 संक्रमित पाए गए। एक्टिव केस की संख्या 1916 है तो स्वस्थ हुए 160 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। सीएमओ डा.एनपी गुप्ता ने बताया कि संक्रमितों की ट्रेवेल हिस्ट्री पता करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाई गई है। अब तक कुल 13602 संक्रमितों में से 11593 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमितों का इलाज जिला अस्पताल, मेडिकल कालेज गोरखपुर व होम क्वारंटाइन में चल रहा है। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमितों के घरों को सील कर सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया है। संपर्क में आने वालों की जांच कर उन्हें घर में रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही मास्क व शारीरिक दूरी का पालन करने पर जोर दिया गया।